अमेरिका में सॉफ्टवेयर एवं टेक्नोलॉजी सेक्टर में नौकरी पाने के ख्वाहिशमंद लाखों पेशेवरों को एच वन-बी वीजा हासिल करने के लिए इस वर्ष फिर लॉटरी की प्रक्रिया से गुजरना होगा।
दरअसल यूएस सिटीजनशिप एंड इमीग्रेशन सर्विसेज (यूएससीआईएस) को एच वन-बी वीजा के लिए पहले ही दिन करीब दो लाख आवेदन मिल चुके हैं।
यूएससीआईएस को अमेरिकी सरकार के आदेश के तहत महज 65 हजार एच वन-बी वीजा जारी करना है। अमेरिकी आव्रजन अधिकारियों ने अब इसके लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाने का फैसला किया है।
पिछले वर्ष भी एच वन-बी वीजा के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई गई थी। तब पहले ही दिन करीब 1 लाख 20 हजार आवेदन मिले थे। अमेरिकी कंपनियों ने इस बार फिर बुश प्रशासन की मात्र 65 हजार एच वन-बी वीजा जारी करने की आलोचना की है।
कंपनियों की परेशानी : अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों का कहना है कि उन्हें योग्य उम्मीदवारों की कमी पूरी करने के लिए काफी लोगों की जरूरत है। बाजार में मानव संसाधन की कमी को विदेशी कामगारों की कमी से पाटा जा सकता है।
भारत, चीन की संख्या ज्यादा : एच वन-बी वीजा पाने वालों में भारत और चीन के उम्मीदवारों की संख्या ज्यादा होती है। टेक्नोलॉजी कंपनियों ने पिछले वर्ष अमेरिकी सांसदों से अपील करते हुए वीजा कोटा बढ़ाने के लिए एक अभियान भी शुरू किया था।
|