पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने पाकिस्तान की नई सरकार से राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की कश्मीर नीति को जारी रखने का आग्रह किया है।
सुश्री मुफ्ती ने मंगलवार को 'शांति प्रक्रिया और कश्मीर मुद्दा' पर आयोजित एक समारोह में कहा कि राष्ट्रपति मुशर्रफ ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि यह किसी की निजी नीति नहीं है और इससे कश्मीर के लोगों में विश्वास बहाली हुई है।
उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है नई सरकार के साथ यह नीति भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा के पार लोगों और सामानों के आवागमन को और बढ़ावा देकर वहाँ विश्वास बहाली के कदमों को और ठोस करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इसके तहत ही भारत सरकार कश्मीरियों को परमिट पर नियंत्रण रेखा पर आवागमन करने की अनुमति दे रही है। सुश्री मुफ्ती ने कहा कि राष्ट्रपति मुशर्रफ की कश्मीर नीति अपने आप समाप्त नहीं हो सकती।
अपनी पाकिस्तान यात्रा के दौरान सुश्री मुफ्ती ने कल शायर-ए-मशरीक अल्लमा इकबाल के लाहौर स्थित मजार पर जाकर इस महान कवि को श्रद्धांजलि दी।
|