बराक ओबामा के समर्थकों ने टेक्सास में हिलेरी क्लिंटन पर अपने नेता की जीत का दावा किया है। डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के चुनाव में उम्मीदवारी हासिल करने की जंग में जुटे ओबामा और हिलेरी के बीच टेक्सास में भिड़ंत पिछले महीने हुई थी। हिलेरी हालाँकि राज्य के प्राइमरी चुनाव में विजयी रहीं।
ओबामा के समर्थकों ने कहा कि उनके नेता को हिलेरी के 94 के मुकाबले 99 डेलीगेट के वोट मिले। जीत-हार के आकलन के लिए प्राइमरी के बाद हुए काकस चुनाव के परिणामों को शामिल किया गया।
जीत के बारे में अंतिम पुष्टि जून के पहले सप्ताह से पूर्व नहीं हो पाएगी, क्योंकि तब टेक्सास के डेमोक्रेट्स राज्यस्तरीय बैठक करेंगे।
दूसरी ओर आस्टिन से अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के सांसद लियोड डोगेट ने कहा कि ओबामा और हिलेरी के बीच टेक्सास में उम्मीदवारी की जंग पूरी हो चुकी है।
संवाददाता सम्मेलन में कल उन्होंने कहा कि यह 100 प्रतिशत स्पष्ट है कि टेक्सास में ओबामा की जीत हुई है और संभवत: वह पाँच वोटों से जीते हैं।
|