बांग्लादेश के शक्तिशाली रिश्वत निरोधी पैनल ने पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बड़े बेटे तारिक रहमान के खिलाफ पहला आरोप-पत्र दाखिल किया है।
भ्रष्टाचार निरोधी आयोग (एसीसी) ने तारिक की पत्नी जुबैदा रहमान और सास सैयदा इकबालमंद बानू पर उन्हें अपराध करने में मदद करने का आरोप लगाया है।
तारिक को अवैध रूप से धन जमा करने और अपनी संपत्ति की सूचना छिपाने के सिलसिले में एक साल पहले गिरफ्तार किया गया था।
आरोप-पत्र के अनुसार 47 वर्षीय तारिक ने एसीसी को दाखिल अपने विवरण में दो करोड़ 17 लाख टका मूल्य की संपत्ति का जिक्र नहीं किया है। उन पर आय के ज्ञात सोत से दो करोड़ 75 लाख टका ज्यादा एकत्रित करने का भी आरोप लगाया गया है।
तारिक एक दर्जन के करीब भ्रष्टाचार और आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं और यह उनके खिलाफ दाखिल यह पहला आरोप-पत्र है। एसीसी ने तारिक की पत्नी और सास के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने का भी आग्रह किया। बहरहाल, मजिस्ट्रेट ने इस संबंध में कोई आदेश पारित नहीं किया।
|