ब्रिटिश किशोरी स्कारलेट कीलिंग का शव कल देर रात यहाँ पहुँच गया। स्कारलेट की गोवा में बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई थी।
स्कारलेट की माँ फियोना मैकीओन अपनी पुत्री के शव वाले ताबूत के साथ मुंबई से स्थानीय हीथ्रो हवाई अड्डे पहुँची। दैनिक टेलीग्राफ ने मैकीओन के हवाले से कहा है कि लंदन वापस आना वास्तव में सुखद है।
उन्होंने कहा कि मैं अपनी बेटी का शव दफनाना चाहती हूँ और उसके बाद गोवा लौट जाऊँगी। मुझे इस बात की चिंता है कि वहाँ से चले आने के बाद सब कुछ उलट-पुलट हो जाएगा।
गत 19 फरवरी को 15 वर्षीय ब्रिटिश पर्यटक स्कारलेट का अर्द्धनग्न शव गोवा के अंजुना बीच पर बरामद किया गया था।
गोवा पुलिस ने पहले तो इसे डूबकर मरने का मामला बताकर पल्ला झाड़ लिया था, लेकिन मैकीओन के भारी हो-हंगामे बाद उसके शव का दूसरी बार पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें उसकी बलात्कार के बाद हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी।
|