यूनान से सोमवार को आ रही ओलिंपिक मशाल की अगवानी के लिए चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था करने के बीच चीन ने आज तिब्बत के मुद्दे पर भारत से समर्थन की माँग की है।
चीन में इसके साथ ही ओलिंपिक मशाल की अगवानी की तैयारियों के तहत सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, क्योंकि उसे दलाई लामा के समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन की आशंका है जिन पर उसने खेलों को नुकसान पहुँचाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
चीन के स्टेट काउंसलर दाई बिंगुओ ने भारत के सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन से टेलीफोन पर बात की और उन्हें ल्हासा में हिंसक अपराधों का ब्योरा दिया तथा तिब्बत के मुद्दे पर चीन के रुख और चिंता से अवगत कराया।
सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने दाई से हुई नारायणन की बात के हवाले से कहा कि भारत हमेशा इस स्थिति पर अडिग रहेगा, जैसा वह करता रहा है। नारायणन ने बीजिंग ओलिंपिक की पूर्ण सफलता की कामना भी की है।
चीन ने भारतीय राजदूत निरूपमा राव को हाल ही में आधी रात के बाद विदेश कार्यालय में तलब किया था, ताकि नई दिल्ली में अपने दूतावास पर तिब्बतियों के एक समूह की घुसपैठ पर चिंता जता सके।
|