नेपाल में एक मस्जिद में हुए बम विस्फोटों में दो लोगों के मारे जाने तथा हिंसा भड़कने के कारण नेपाली प्रशासन ने दक्षिणी शहर में अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया है। काठमांडू से करीब 220 किलोमीटर दक्षिण पूर्व में बिराटनगर में मस्जिद में शनिवार को हुए तीन शक्तिशाली बम विस्फोटों के बाद इस संवेदनशील क्षेत्र में तनाव फैल गया है। देश में अगले माह दस अप्रैल को संविधान सभा के चुनाव होने जा रहे हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी विद्यानंद माझी ने फोन पर बताया मस्जिद के भीतर तीन बम फटे जिनमें दो लोग मारे गए। उन्होंने बताया इसके बाद समुदाय विशेष के लोगों ने सड़कों पर आकर वाहनों को क्षतिग्रस्त करना शुरू कर दिया, जिसके चलते हमें सांप्रदायिक हिंसा को टालने के लिए कर्फ्यू लगाना पड़ा। प्रमुख स्थानीय अधिकारी माधव प्रसाद रेगमी ने बताया कि कर्फ्यू का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बड़ी संख्या में अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात किया गया है। कांतिपुर मीडिया समूह के एक पत्रकार ने बताया कि नमाजी मस्जिद के अंदर नमाज कर रहे थे कि उसी समय बम विस्फोट हुए।
भीम घिमेरे ने बताया विस्फोटों के बाद आसपास के इलाकों में आतंक फैल गया, लेकिन कर्फ्यू लगने के बाद अब स्थिति शांत है।
नेपाल में अगले माह संविधान सभा के चुनाव होने जा रहे हैं। चुनाव के बाद दुनिया की अंतिम हिंदू राजशाही को औपचारिक रूप से समाप्त कर दिया जाएगा और देश का संविधान नए सिरे से लिखा जाएगा।
|