श्रीलंकाई सुरक्षा बलों के साथ भयानक संघर्ष में कम से कम 75 लिट्टे आतंकवादी मारे गए। इस बीच श्रीलंकाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने रविवार को देश के उत्तरी क्षेत्र में समुद्र में लिट्टे के महत्वपूर्ण ठिकाने पर गोले बरसाए।
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उत्तरी मुल्लाईथिवू के चिलावत्ता में लिट्टे के एक प्रमुख ठिकाने पर वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने गोले बरसाए। इसमें ठिकाने को भारी नुकसान पहुँचा है। जमीनी संघर्ष में सुरक्षा बलों ने वावुनिया के नवातकुलम में लिट्टे के चार विद्रोहियों को मार गिराया। सेना ने शुक्रवार को 10 विद्रोहियों को मार गिराया। यह घटना शुक्रवार को मन्नार के लल्लानथेयन इलाके में उस समय हुई जब सुरक्षा बलों ने इलाके पर कब्जा किया।
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि उसी दिन किलाली और मुहामलाई में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में कम से कम सात आतंकवादी मारे गए। एक अन्य घटना में जाफना क्षेत्र के नागरकोविल में शुक्रवार को लिट्टे के तीन विद्रोही मारे गए।
|