अमेरिका के विदेश मामलों के उपमंत्री जॉन डी नेग्रोपोंटे ने कहा है कि पाकिस्तान के राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के भविष्य का फैसला पाकिस्तान की अवाम को करना है और अमेरिका पाकिस्तान के राजनीतिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं करेगा।
नेग्रोपोंटे ने कल एक स्थानीय होटल में एक सवाल के जवाब में कहा कि उनकी पाकिस्तान यात्रा का कोई गुप्त एजेंडा नहीं है और अमेरिका की पाकिस्तान के राजनीतिक गतिविधियों में दखल देने की कोई मंशा नहीं है।
उन्होंने कहा- मुशर्रफ आपके देश के राष्ट्रपति है और देश की जनता जो भी निर्णय करती है, अमेरिका उसका स्वागत करेगी। नेग्रोपोंटे सहायक विदेशमंत्री रिचर्ड बाउचर के साथ सोमवार को प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी के नेतृत्व में नई पाकिस्तानी सरकार के शपथ लेने के कुछ ही पहले पाकिस्तान की यात्रा पर आए थे। कुछ पाकिस्तानी अखबारों ने इस समय इनकी यात्रा को लेकर तीखी आलोचना की थी।
उन्होंने कहा कि उनका प्रतिनिधिमंडल ही पाकिस्तान नहीं आया हुआ है। अन्य छह विदेशी प्रतिनिधिमंडल भी इस समय पाकिस्तान की यात्रा पर है।
नेग्रोपोंटे ने पाकिस्तान मुस्लिम लीग (नवाज) के प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के साथ बैठक के बारे में कहा कि अमेरिकी प्रशासन पाकिस्तानी नेताओं को अमेरिकी नीति पर चलने के लिए किसी तरह का दबाव नहीं बना रहा है।
|