एक अध्ययन के अनुसार किशोरों को यौन शिक्षा देते समय यदि उन्हें मात्र सयंम की बजाय गर्भनिरोधक उपायों और अनचाहे गर्भ रोकने के बारे में जानकारी दी जाए तो वह अधिक मददगार साबित होती है।
किशोरवय स्वास्थ्य के बारे में एक पत्रिका में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक विस्तृत 'यौन शिक्षा कार्यक्रम' किशोरावस्था में गर्भावस्था को कम करने में लाभदायक हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि गर्भनिरोधक उपायों के बारे में जानकारी देने से किशोरों में यौन गतिविधियाँ या फिर यौन संक्रामक बीमारियाँ नहीं बढ़ती हैं।
अध्ययन के अनुसार संयम रखने की शिक्षा किशोरवय की गर्भावस्था या फिर यौन संबंध देर से बनाने का संदेश देने में कारगर सिद्ध नहीं हुई है। वॉशिंगटन विश्वविद्यालय में वर्ष 2002 में पामेला के.कोहलर के नेतृत्व में हुए परिवार विकास के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है।
इसमें अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि जिन किशोरों को केवल संयमित रहने की या फिर किसी भी प्रकार की यौन शिक्षा नहीं दी जा रही थी, उनकी तुलना में विस्तृत यौन शिक्षा जिसमें गर्भनिरोधक की जानकारी भी शामिल है, पाने वाले आधे से भी किशोरो में यौन गतिविधियाँ या यौन संबन्धी संक्रामक बीमारियाँ कम ही पाई गई।
पामेला के अनुसार संयम रखने की शिक्षा के साथ-साथ गर्भनिरोधकों की जानकारी भी किशोरों को देने में कोई बुराई नहीं है।
|