पाकिस्तान के प्रमुख मानवाधिकार कार्यकर्ता और कार्यवाहक सरकार के दौरान मानवाधिकार मंत्री रहे अंसार बर्नी सरबजीत के परिवार से मिलने अगले महीने भारत आएँगे।
इस दौरान वे सरबजीत की बेगुनाही के बारे में सबूत जुटाएँगे तथा भारतीय जेलों में बंद पाकिस्तानी कैदियों का भी पता लगाएँगे।
बर्नी ने कहा कि मैं दो अप्रैल को पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाशसिंह बादल के निमंत्रण पर भारत आऊँगा। बर्नी ने बताया कि मैंने सरबजीत के परिवार और उसकी बहन दलबीर कौर से मिलने और उनके दावों के संबंध में साक्ष्य एकत्र करने की योजना बनाई है। इससे मुझे इस मामले पर काम करने में आसानी होगी।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही मैं भारतीय जेलों में बंद पाकिस्तानी कैदियों का भी पता लगाऊँगा। निश्चित तौर पर उनकी रिहाई के लिए मुझसे जो कुछ भी बन पड़ेगा, वह सब मैं करूँगा।
|