पाकिस्तान के नए प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी बॉलीवुड अभिनेत्री ऐश्वया राय बच्चन और महान गायिका के बड़े प्रशंसकों में शामिल हैं।
रूमानी मिजाज के गिलानी ने एक निजी टेलीविजन चैनल से कहा कि जेल में रहने के दौरान मैंने लैपटॉप पर ऐश्वर्या की लगभग सभी फिल्मों को देखा। इसके अलावा मैंने लताजी के गीत भी सुने और सच कहूँ तो इस समय मैं ऐश्वया राय का बड़ा प्रशंसक हूँ।
सूफी संत के वंशज से ताल्लुक रखने वाले गिलानी 2001 में जेल की सजा काटने के दौरान लताजी के प्रशंसक बने। उन्हें नेशनल एसेंबली के अध्यक्ष पद पर रहते अनियमित तरीके से नियुक्ति करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के वफादारों में शामिल 55 वर्षीय गिलानी ने पीपीपी से संबंध तोड़ने की बजाए जेल जाना उचित समझा। उन्हें राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ प्रशासन ने जेल से रिहा होने के बदले पीपीपी से संबंध तोड़ने की पेशकश की थी।
नए प्रधानमंत्री के बॉलीवुड अभिनेत्री और महान गायिका के प्रशंसक होने से उम्मीद की जा रही है कि पाकिस्तान में अब अधिक भारतीय फिल्में प्रदर्शित होंगी।
|