वर्जीनिया टेक नरसंहार में मारे गए लोगों के परिजनों के पुनर्वास की योजना के तहत उन्हें एक-एक लाख डॉलर देने का प्रस्ताव किया गया है। पीड़ितों के परिजनों ने इस बात की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि ऐसे लोगों को राज्य सरकार के इस प्रस्ताव की प्रति मुहैया कराई गई है। एक व्यक्ति ने बताया कि घटना में मरने वाले 32 लोगों के परिवारों को चिकित्सकीय और अन्य खर्चे उपलब्ध कराए जाएँगे। यह उन लोगों को भी दिया जाएगा जो इस घटना में घायल हो गए थे।
पारिवारिक सदस्यों के अनुसार लोगों के पास यह एक अवसर है जब वह गवर्नर और विश्वविद्यालय अधिकारियों से इस गोलीबारी के बारे में सवाल कर सकते हैं।
परिवारों से कहा गया है कि वह इस महीने की 31 तारीख तक बता दें कि वह इस प्रस्ताव से संतुष्ट और प्रसन्न हैं अथवा नहीं। अगर वह इस प्रस्ताव से सहमत हैं तो फिर वह प्रदेश सरकार और वर्जीनिया टेक के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं कर सकते हैं।
मानसिक रूप से विकलांग छात्र सेउंग हुई चो ने पिछले साल 16 अप्रैल को 32 लोगों को भून डाला और स्वयं आत्महत्या कर ली। इस घटना में कई अन्य घायल हो गए थे। कम से कम 20 परिवारों ने कहा था कि वे इस मामले में कानून की शरण में जा सकते हैं।
|