यदि आप एथलीट हैं या नियमित रूप से व्यायाम करते हैं और शरीर से काफी पसीना बहाते हैं तो चॉकलेट ड्रिंक आपको फिर से ताकत दे सकता है। खिलाडि़यों के लिए चॉकलेट या चॉकलेट ड्रिंक काफी फायदेमंद हो सकता है।
यूएस मिल्क प्रोसेसर एज्युकेशन प्रोग्राम ने इस संबंध में कई अध्ययन किए हैं। इनके मुताबिक चॉकलेट में यदि सही मात्रा में पौष्टिक तत्व हो और दूध कम वसा का हो तो यह व्यायाम करने वालों के लिए लाभदायक हो सकता है। एक बयान में यह भी कहा गया है कि वैज्ञानिकों ने चॉकलेट मिल्क को व्यायाम के बाद के पेय के रूप में भी तैयार किया है और साथ ही इसकी विशेषताएँ भी बताई हैं कि यह किस तरह से शरीर को लाभ पहुँचाता है।
यह रहता है : चॉकलेट मिले दूध में कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन होता है। यह थकी हुई मांसपेशियों को ताकत देता है। साथ ही यह शरीर को पोटेशियम जैसे इलेक्ट्रोलाइट्स भी देता है, ताकि व्यायाम की वजह से शरीर से निकला पानी फिर से शरीर को मिल सके। साथ ही चॉकलेट मिल्क की वजह से कमजोर मांसपेशियाँ सुदृ़ढ़ होती हैं। खेल की एक पत्रिका में एक शोध प्रकाशित हुआ था, जिसका शीर्षक था, 'चॉकलेट मिल्क एस ए पोस्ट एक्सरसाइज रिकवरी एड' (यानी व्यायाम के बाद चॉकलेट मिल्क ताकत देता है)।
इस शोध में 9 साइकल चालकों को शामिल किया गया था। चार घंटे की मेहनत के बाद उन्हें चॉकलेट मिल्क पीने को दिया गया। इसके बाद फिर इन साइकल चालकों का परीक्षण किया तो पता चला कि इनकी थकान काफी हद तक दूर हो चुकी है। एक और अध्ययन अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लिनिकल न्यूट्रीशन में प्रकाशित हुआ था। इसमें कहा गया था कि वेटलिफ्टर को भी यह तत्काल राहत दे सकता है।
|