रूसी और अमेरिकी अधिकारियों के बीच आज वाशिंगटन में मिसाइल रक्षा के मुद्दे पर बातचीत हो रही है जिसमें पूर्वी यूरोप में मिसाइल रक्षा कवच की स्थापना की अमेरिकी योजना पर चर्चा होगी।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सीन मैककारमैक ने पत्रकारों को बताया कि इस वार्ता का नेतृत्व रूस के उप विदेश मंत्री सरजेई किस्लियाक और अमेरिकी शस्त्र नियंत्रण विशेषज्ञ जान रूड कर रहे हैं।
पिछले हफ्ते मास्को में इसी विषय पर रूस और अमेरिका के बीच जो बातचीत हुई थी इस बैठक में उससे आगे चर्चा होगी।
रूस, पोलैंड में 10 इंटरसेप्टर मिसाइल और चेक गणराज्य में एक ट्रैकिंग रेडार की स्थापना की अमेरिकी योजना का विरोध कर रहा है।
वार्ता में प्रगति के पहले संकेत में रूस के विदेश मंत्री सर्जेई लाव्रोव ने पिछले गुरुवार को अमेरिका से इस गारंटी की माँग की थी कि उसके प्रस्तावित मिसाइल रक्षा कवच का इस्तेमाल रूस के खिलाफ नहीं होगा।
|