कलाकृतियों की नीलामी करने वाली कंपनी क्रिस्टी अगले माह फ्रांस की प्रथम महिला कार्ला ब्रूनी के एक नग्न चित्र की नीलामी करने जा रही है। यह चित्र एक दशक से अधिक पुराना है, जिस समय ब्रूनी मॉडल हुआ करती थीं। इस समय वे फ्रांसीसी राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी की पत्नी हैं।
फोटोग्राफर माइकल कोम्टे द्वारा 1993 में उतारी गई इस जिलेटिन सिल्वर प्रिंट वाली चित्रकृति में ब्रूनी को खड़ी मुद्रा में दिखाया गया है। परोक्ष रूप से यह फ्रांसीसी नव प्रभाववादी कलाकार जार्जिस स्यूरत की पेंटिंग्स के संदर्भ में है।
क्रिस्टी ने फ्रांस की प्रथम महिला के नग्न चित्र की नीलामी करने के अपने फैसले को सही ठहराने का प्रयास करते हुए ब्रूनी को दुनिया की सर्वाधिक खूबसूरत महिलाओं में से एक बताया है।
क्रिस्टी की प्रवक्ता मिलेना सेल्स ने कहा कि यह एक कलाकृति है। यह चित्र 1993 में लिया गया था, जिस समय ब्रूनी एक मॉडल थीं और यह एक उच्च श्रेणी की नग्न कलाकृति है, जिसे एक जाने-माने और सम्मानित कलाकार ने बनाया है।
|