मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
गिलानी पाकिस्तान के प्रधानमंत्री निर्वाचित
यूसुफ रजा गिलानी को सोमवार को संसद ने पाकिस्तान का नया प्रधानमंत्री चुना। राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ उन्हें मंगलवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएँगे। इस बीच खबर है कि पूर्व मुख्‍य न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी को रिहा कर दिया गया है।

आगामी गठबंधन सरकार के मुखिया के तौर पर चुने गए 55 वर्षीय गिलानी की जीत पहले से ही तय थी। नेशनल असेंबली के पूर्व स्पीकर गिलानी को 342 सदस्यीय नेशनल असेंबली में 264 मत मिले, जबकि उनके एकमात्र विरोधी और विपक्षी पीएमएल (क्यू) के वरिष्ठ नेता चौधरी परवेज इलाही को 42 मत मिले।

नेशनल असेंबली की स्पीकर फहमीदा मिर्जा ने गिलानी के जीत की घोषणा करते हुए कहा कि यूसुफ रजा गिलानी को सदस्यों का बहुमत हासिल है। उल्लेखनीय है कि गिलानी को मुशर्रफ के शासनकाल में पाँच साल के कारावास की सजा काटनी पड़ी थी।

जैसे ही परिणाम की घोषणा हुई कि दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के समर्थकों ने बेनजीर अमर रहें और मुशर्रफ जाओ के नारे लगाने शुरू कर दिए। बेनजीर के पुत्र बिलावल भुट्टो जरदारी इस कार्यवाही को दर्शक दीर्घा से देख रहे थे। उन्हें आँसू पोछते हुए देखा गया और बाद में उन्होंने गिलानी से हाथ मिलाया।

मुशर्रफ देश के अगले प्रधानमंत्री को मंगलवार को सुबह 11 बजे ऐवान-ए-सद्र (राष्ट्रपति भवन) में शपथ दिलाएँगे। गिलानी देश के पंजाब प्रांत से सेराइकी बोली बोलने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे। देश में पिछले साल लगाए गए आपातकाल के दौरान बर्खास्त किए गए 60 न्यायाधीशों को ‍फिर से बहाल करने को लेकर मुशर्रफ के साथ उनका करारा टकराव होगा।

गिलानी ने कहा अगर हमें देश को सफल बनाना है तो हमें संसद को सर्वोच्च बनाना होगा। हमें संविधान का सम्मान करना होगा और कानून के शासन को बरकरार रखना होगा। इस तरह के कयास लगाए जा रहे हैं कि गिलानी तभी तक प्रधानमंत्री रहेंगे जब तक कि बेनजीर के पति आसिफ अली जरदारी मई में होने वाले उपचुनाव में जीत हासिल कर इस पद के योग्य नहीं हो जाते।

हालाँकि द न्यूज के अनुसार जरदारी ने इसका खंडन करते हुए कहा कि उनकी इस पद में दिलचस्पी नहीं है और गिलानी तीन महीने के बजाय पाँच वर्षों के लिए प्रधानमंत्री होंगे।

जस्टिस चौधरी रिहा : खबर है कि नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री गिलानी ने पूर्व मुख्‍य न्यायाधीश इफ्तिखार चौधरी एवं अन्य जजों को रिहा करने के आदेश दिए हैं। इन जजों को आपातकाल के दौरान नजरबंद कर दिया गया था।
और भी
सरकोजी पारदर्शिता बरतने को कहेंगे
10 करोड़ बच्चों की हालत दयनीय
पार्किन्सन के इलाज में नई सफलता
दुबई में महिला कार्यकर्ता पर हमला
अमेरिका में नाव डूबी, चार की मौत
शपथ ग्रहण का बहिष्कार करेंगे शरीफ