पाकिस्तान की दिवंगत प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के सह अध्यक्ष आसिफ अली जरदारी ने कहा है कि यूसुफ रजा गिलानी तीन महीनों के लिए नहीं, बल्कि पाँच वर्षों के लिए देश के प्रधानमंत्री होंगे।
जरदारी ने बताया कि वे गठबंधन के सहयोगियों को वरिष्ठ नेता मख्दूम अमीन फहीम की जगह गिलानी को चुने जाने के कारणों के बारे में पहले ही बता चुके हैं।
स्थानीय दैनिक द न्यूज के मुताबिक उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रधानमंत्री बनने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गिलानी ने अदियाला जेल में उचित बिस्तर के बगैर तीन महीने का समय बिताया, लेकिन उन्होंने कभी भी अपने प्रभावशाली मित्रों और रिश्तेदारों से मदद की गुहार नहीं की।
जरदारी ने कहा कि गिलानी जेल में बिताए चार वर्षों के दौरान पीपीपी के वफादार बने रहे। उन्होंने कहा कि हम सभी उनका बहुत सम्मान करते हैं और पीपीपी के नेतृत्व में प्रधानमंत्री पद के लिए वे सबसे बेहतर हैं।
जरदारी ने कहा कि गिलानी ईमानदार, वफादार, समझदार और सरल व्यक्ति हैं। उन्हें पाकिस्तानी जनता के समक्ष ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के समक्ष भी प्रधानमंत्री के रूप में पेश किया जा सकता है।
|