इराक में रविवार को हुए कई हमलों में 54 लोग मारे गए और विद्रोहियों ने बगदाद के कड़ी सुरक्षा वाले ग्रीन जोन में मोर्टार से हमला किया, जिससे अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों को बंकरों में छिपना पड़ा।
मेजर मोहम्मद अहमद ने बताया कि सबसे जबरदस्त हमला मुख्य उत्तरी शहर मोसुल में हुआ, जहाँ एक आत्मघाती हमलावर विस्फोटक लदे ट्रक के साथ इराकी सेना के आधार शिविर में घुस गया और विस्फोट कर दिया। इस विस्फोट में 12 सैनिक मारे गए और 30 अन्य घायल हो गए, जिनमें ज्यादातर सैनिक ही हैं।
अहमद ने कहा कि हमलावर आधार शिविर के प्रवेश द्वार पर बने बैरियरों को ट्रक से तोड़ते हुए घुस गया और विस्फोट कर दिया। यह विस्फोट सुबह स्थानीय समयानुसार करीब सात बजे हुआ।
एक अन्य घटना में दक्षिणी बगदाद में खुली कार में सवार कई हथियारबंद लोगों ने भीड़भरे बगदाद बाजार में आज गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 7 लोग मारे गए और 16 अन्य घायल हो गए।
सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी बगदाद के अल जफरनियाह में बंदूकधारियों ने उस वक्त हमला किया जब स्थानीय बाजार में दुकानों के बाहर लोग खरीदारी कर रहे थे। इब्न नफीस अस्पताल ने इस बात की पुष्टि की कि हमले में मारे गए छह लोगों के शव आए हैं। तीसरे हमले में पूर्वी बगदाद के अल कमालियाह में शिया बहुल इलाके की आवासीय इमारतों में राकेट से किए गए हमले में कम से कम पाँच लोग मारे गए, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
|