मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > अंतरराष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
यूसुफ गिलानी होंगे पाक के नए प्रधानमंत्री
बेनजीर भुट्टो के वफादार यूसुफ रजा गिलानी पाकिस्तान े नए प्रधानमंत्री होंगे। इस पद को लेकर पीपीपी में एक महीने से चल रही उहापोह के बाद पार्टी ने यह घोषणा की।

पाकिस्तान संसद के पूर्व अध्यक्ष 56 वर्षीय गिलानी पंजाब के एक जमींदार परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वे वर्तमान में पीपीपी के उपाध्यक्ष हैं। ऐसे समय में वे पाकिस्तान में गठबंधन सरकार का नेतृत्व करेंगे, जब देश राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के साथ टकराव की आशंकाओं के बीच दोराहे पर है।

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के प्रवक्ता फरहतुल्लाह बाबर ने प्रधानमंत्री के नामांकन समाप्ति वाले दिन से पहले पीपीपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में गिलानी के नाम की घोषणा की। बाबर ने एक बयान में कहा कि गिलानी पर गठबंधन सरकार को चलाने की जिम्मेदारी होगी।

24 मार्च को संसद में औपचारिक चुनाव के बाद अगले दिन मुशर्रफ द्वारा गिलानी को शपथ दिलाई जाएगी। गिलानी ने नेशनल असेम्बली के अध्यक्ष के तौर पर अपने पद के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर चार साल जेल में काटे हैं।

गिलानी के नाम की घोषणा होने के बाद उनके और भुट्टो के दूसरे करीबी रहे मखदूम अमीन फहीम के बीच मतभेद और उभर सकते हैं। फहीम भी प्रधानमंत्री पद की दौड़ में चल रहे थे।

18 फरवरी को पाकिस्तान में हुए आम चुनावों के बाद पीपीपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है और पार्टी ने नवाज शरीफ की पार्टी से गठबंधन किया है।

बेनजीर भुट्टो के पति आसिफ अली जरदारी सांसद न होने के कारण प्रधानमंत्री नहीं बन सके, लेकिन पार्टी नेताओं के अनुसार आसिफ अली जरदारी मई में होने वाले उपचुनाव में जीतकर प्रधानमंत्री बन सकते हैं। इस स्थिति में गिलानी को कार्यवाहक प्रधानमंत्री कहा जा सकता है।

पीपीपी से प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में गिलानी और फहीम के अलावा चौधरी अहमद मुख्तार और शाह महमूद कुरैशी का नाम भी लिया जा रहा था।

नवाज शरीफ ने लाहौर में कहा था कि उनकी पार्टी पीपीपी के उम्मीदवार के नाम पर कोई विरोध नहीं जताएगी। उन्होंने यह भी कहा कि मुशर्रफ को समझ लेना चाहिए कि तानाशाही के दिन लद चुके हैं।

गिलानी के नाम की घोषणा उस दिन हुई है जिस दिन मुशर्रफ के गठबंधन की एक पार्टी के नेता ने अपना नाम प्रधानमंत्री के उम्मीदवारी से वापस ले लिया। एमक्यूएम पार्टी के उम्मीदवार फारूक सत्तार ने कहा कि हम पीपीपी के उम्मीदवार को बिना शर्त समर्थन देंगे।
और भी
नस्लवाद से लड़ाई सामूहिक जिम्मेदारी-बान
श्रीलंकाई जहाज डूबा, 10 सैनिक लापता
फ्रांस परमाणु हथियारों में कटौती करेगा
जोली व ब्रेड पिट ने लाखों डॉलर दान दिए
अमेरिका में तूफानी बारिश से 16 की मौत
धार्मिक हिंसा के बाद पाकिस्तान में कर्फ्यू