फ्रांस अपने परमाणु हथियारों के भंडार में कटौती करेगा। हालाँकि ईरान के परमाणु संपन्न होने जैसी स्थिति से निपटने के लिए इन हथियारों की उपयुक्त मात्रा रखेगा।
फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी ने यहाँ देश की चौथी परमाणु पनडुब्बी का जलावतरण करते समय यह बात कही। सरकोजी ने कहा कि फ्रांस के समक्ष ईरान और विश्व के अनेक भागों में पनपते आतंकवाद से खतरा है और इस तरह के खतरे से निपटने के लिए पुख्ता सुरक्षा उपाय जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि परमाणु निशस्त्रीकरण की विश्वव्यापी मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए फ्रांस अपने परमाणु हथियारों के भंडार में एक तिहाई की कटौती करेगा। सरकोजी ने कहा कि ऐसा होने पर देश के पास 300 परमाणु हथियार रह जाएँगे।
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की प्रक्षेपास्त्र क्षमता में बढ़ोतरी को देखते हुए अब यूरोप इन हथियारों से महज आधा घंटे की दूरी पर रह गया है।
सरकोजी ने कहा कि आतंकवादियों द्वारा परमाणु तकनीक हथियाने की पुरजोर कोशिश और ईरान की सैन्य ताकत में बढ़ोतरी के कारण सुरक्षा की चिंता बढ़ गई है, इसलिए फ्रांस इस तरह के किसी भी खतरे से निपटने के लिए उपयुक्त मात्रा में परमाणु हथियार रखेगा।
|