रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) ने दो अमेरिकी भाइयों पर जासूसी करने का आरोप लगाया है।
एफएसबी के प्रवक्ता सर्गेई इनाचेंको ने बताया कि ब्रिटिश काउंसिल से संबंध रखने वाले टीएनकेबीपी कंपनी के कर्मचारी इलिया जास्लावस्की और उसके भाई अलेक्जेंडर को कई विदेशी तेल और गैस कंपनियों के लिए अवैध तरीके से गोपनीय वाणिज्यिक सूचना इकट्ठा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
रूस की बंद पडी तेल एवं गैस कंपनियों में से एक के कर्मचारी से वाणिज्यिक सूचनाएँ लेने का प्रयास कर रहे दोनों भाइयों को पकड़ा गया। इसके बाद गत 19 मार्च को टीएनकेबीपी कंपनी के कार्यालयों में तलाशी अभियान के दौरान ऐसे साक्ष्य हाथ लगे जिनसे जासूसी की पुष्टि हुई। पुलिस ने ब्रिटिश पेट्रोलियम के मास्को कार्यालय पर भी छापे मारे।
प्रवक्ता के मुताबिक तलाशी के दौरान रूसी सरकार के दस्तावेज, वाणिज्यिक सूचनाएँ और विदेशी सेना एजेंसियों तथा सीआईए के प्रतिनिधियों के विजिटिंग कार्ड्स भी बरामद किए गए।
हालाँकि आरोपी भाइयों को बाद में रिहा कर दिया गया, लेकिन उन्हें देश से बाहर जाने की अनुमति नहीं है।
उधर, ब्रिटिश काउंसिल ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तारी पर चिंता जताते हुए कहा है कि इलिया जास्लावस्की काउंसिल का कर्मचारी नहीं, बल्कि ब्रिटिश दूतावास से जुड़े एक क्लब का सदस्य है।
गौरतलब है कि कर से संबंधित नियमों का कथित तौर पर उल्लंघन करने के आरोप में रूस स्थित ब्रिटिश काउंसिल के दफ्तर को इस वर्ष बंद कर दिया गया है।
हालाँकि रूस ने इन दोनों मामलों के बीच कोई संबंध होने से इनकार किया है। रूस के विदेश मंत्रालय के सूचना एवं प्रेस विभाग के उपप्रमुख आंद्रे क्रिवतोव ने कहा कि दोनों मामले बिलकुल अलग हैं और इनके बीच संबंध स्थापित करने का कोई मतलब ही नहीं है।
|