अमेरिकी विदेशमंत्री कोंडोलीजा राइस ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों की पासपोर्ट फाइलों के सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किए जाने की खबरें सार्वजनिक होने के बाद सीनेटर बराक ओबामा से माफी माँगी है।
सुश्री राइस ने शुक्रवार को कहा कि मैंने उनसे माफी माँगी है और कहा है कि यदि मेरी पासपोर्ट फाइलों को किसी ने देखा होता तो मुझे भी परेशानी होती।
गौरतलब है कि अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने गत गुरुवार को कहा था कि एक कर्मचारी ने राष्ट्रपति पद के तीनों प्रमुख उम्मीदवारों के पासपोर्ट दस्तावेजों को नियमों का उल्लंघन करके अनुचित ढंग से देखा है।
हालाँकि मंत्रालय ने पूरे मामले की जाँच शुरू कर दी है, जिसकी निगरानी कार्यकारी महानिरीक्षक कर रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि उन्हें लगता है कि नियमों का उल्लंघन हुआ है। सुश्री राइस ने कहा- मैं इस बारे में कोई टिप्पणी नहीं कर सकती, क्योंकि जाँच अभी चल रही है।
|