नोबल पुरस्कार से सम्मानित भारतीय मूल के लेखक वीएस नायपाल की जीवनी में खुलासा किया गया है कि करीब चार दशकों तक उन्होंने अपनी पहली पत्नी को प्रताड़ित किया।
वह लंदन में नियमित तौर पर वेश्यालय जाते थे और करीब 24 साल तक उन्होंने अपनी प्रेमिका को अपने साथ रखा और अंत में एक पाकिस्तानी पत्रकार से शादी करने के लिए उसे अचानक छोड़ दिया।
त्रिनिदाद में जन्मे 75 वर्षीय नायपाल ने अपने जीवन चरित में स्वीकार किया है कि वह नियमित तौर पर अपनी पहली पत्नी (पैट्रिशिया) को अपमानित करते थे और उन्होंने उसे शादी की अँगूठी भी देने से इनकार कर दिया था। ऑक्सफोर्ड में जगह मिलने के बाद से नायपाल ब्रिटेन में रह रहे हैं।
पुस्तक में खुलासा किया गया है कि नायपाल श्रीमती गुडिंग के साथ घूमने के लिए अक्सर अपनी पत्नी को छोड़कर चले जाते थे। गुडिंग एक विवाहित एंग्लो अर्जेंटीनी महिला थी जिसके साथ उनका प्रेमप्रसंग 1972 में शुरू हुआ। नायपाल अक्सर अपनी पत्नी से कहते थे कि वह किस तरह अपनी प्रेमिका की कमी महसूस कर रहे हैं।
नायपाल ने कहा कि मैं मुक्त था। वह (पैट्रिशिया) तबाह हो गई। यह अवश्यंभावी था। पैट्रिक फ्रेंच द्वारा लिखे गए उनके जीवन चरित में दावा किया गया है कि शादी के तीन साल बाद जब वे लंदन में रहते थे तो नायपाल ने वेश्यालय जाना शुरू कर दिया। फ्रेंच ने ये बातें नायपाल के सारे दस्तावेजों के अध्ययन के आधार पर लिखी हैं।
जीवनी के हवाले से 'द डेली टेलीग्राफ' में आज प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार 1958 की गर्मियों में उन्होंने वेश्याओं से यौन संबंध बनाना शुरू कर दिया। वह स्थानीय अखबारों से उनका टेलीफोन नंबर जुटाते और दोपहर के समय गुपचुप तरीके से गणिकाओं के पास जाते क्योंकि उस वक्त पैट्रिशिया काम पर होती थी। पैट्रिशिया स्कूल शिक्षिका थीं।
पुस्तक के अनुसार नायपाल ने स्वीकार किया है कि पत्नी के प्रति उन्होंने जो मानसिक क्रूरता दिखाई उससे उनकी मौत हुई हो। पैट्रिशिया कैंसर से पीड़ित थीं। उन्होंने कहा उसने काफी कष्ट भोगा। कहा जा सकता है कि मैंने उसे मारा। मैं कुछ हद तक ऐसा मानता हूँ।
नायपाल ने उस वाकये का भी जिक्र किया है जब वह मृत्युशय्या पर पड़ी पैट्रिशिया देखने अस्पताल गए थे। उन्होंने पैट्रिशिया के प्रति मामूली करुणा दिखाई थी।
हालाँकि पैट्रिशिया की मौत के बाद नायपाल ने अपनी प्रेमिका से नाता तोड़ लिया और दो महीने बाद उन्होंने तलाकशुदा पाकिस्तानी पत्रकार नादिरा से शादी कर ली।
|