भारतीय कैदी सरबजीतसिंह के लिए उम्मीदें कायम रखते हुए पाकिस्तान की प्रख्यात मानवाधिकार कार्यकर्ता असमाँ जहाँगीर ने बुधवार को कहा कि उच्च स्तरों पर लोग सरबजीत को बचाने के लिए कड़ा प्रयास कर रहे हैं।
पाकिस्तान राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की अध्यक्ष जहाँगीर ने कहा कि हमें उम्मीद है कि सरबजीत की सजा टल जाएगी। उन्होंने कहा कि समस्या यह है कि मुशर्रफ हमारी बात नहीं सुन रहे हैं, लेकिन फिर भी हम भरसक प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में पाकिस्तान में नई सरकार बन जाएगी, जो सरबजीत के भाग्य का फैसला कर सकती है।
गौरतलब है कि कल भारत ने पाकिस्तान से सरबजीत को मानवीय आधारों पर क्षमादान देने की अपील की थी। सरबजीत की बहन ने भी कल पाकिस्तान उच्चायोग को एक क्षमादान पत्र सौंपकर मुशर्रफ से अपने भाई को क्षमादान की गुजारिश की थी।
|