प्रख्यात अंतरराष्ट्रीय आर्ट नीलामी केंद्र क्रिस्टीज ने आगामी नीलामी से प्रसिद्ध कलाकार एमएफ हुसैन की पेंटिंग हटाने की माँग ठुकरा दी है। हुसैन पर हिंदू देवी-देवताओं की अश्लील पेंटिंग बनाने का आरोप है।
क्रिस्टीज को भेजे एक पत्र में इंडियन अमेरिकन इंटेलेक्चुअल फोरम के अध्यक्ष नारायण कटारिया ने 20 मार्च को प्रस्तावित नीलामी से हुसैन की पेंटिंग नहीं हटाए जाने पर धरना प्रदर्शन करने की धमकी दी थी।
क्रिस्टीज की प्रवक्ता सारा फॉक्स ने कहा क्रिस्टीज सभी धर्मों और धर्मावलंबियों का सम्मान करता है लेकिन उसे कलात्मक स्वतंत्रता को ध्यान में रखना पड़ता है।
उन्होंने कहा हम भी कलाकार की स्वतंत्रता का सम्मान करते हैं। क्रिस्टीज अपनी नीलामी से एमएफ हुसैन की पेंटिंग को नहीं हटाएगा।
उधर कटारिया ने कहा कि फोरम हिंदू जनजागृति समिति के साथ मिलकर नीलामी केंद्र के बाहर नियोजित तरीके से धरना प्रदर्शन आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि हुसैन ने हिंदू देवी-देवताओं की नग्न तस्वीर बनाकर 'अपयश और बदनामी' अर्जित की है। इस हरकत के लिए हम उन्हें माफ नहीं कर सकते।
|