पाकिस्तान के दक्षिणी वजीरिस्तान के कबाइली इलाके में शनिवार को मिसाइल हमले में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य जख्मी हो गए। दक्षिण वजीरिस्तान के मुख्यालय वाना से दो मिलोमीटर दूर शहनवाज कोट गाँव के रिहायशी परिसर में करीब सात राकेट दागे गए।
सरकारी पीटीवी के अनुसार हमले में करीब 20 लोग मारे गए। ऐसा माना जा रहा है कि मरने वालों में कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबा हुए हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या में इजाफा हो सकता है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि मिसइल संभवत: पड़ोसी मुल्क अफगानिस्तान से या फिर पायलट रहित विमान से छोड़ा गया हो। स्थानीय लोगों ने कहा कि मिसाइल हमले से पहले उन्होंने इलाके में विमान के उड़ने की आवाज सुनी थी।
एक अन्य घटना में पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के मरदान इलाके में एक पुलिस वैन के बारूदी सुरंग विस्फोट की चपेट में आने से सात सुरक्षाकर्मी जख्मी हो गए। इनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है।
|