अमेरिका में कई हिंदू संगठनों ने क्रिस्टी आर्ट गैलरी को प्रख्यात चित्रकार एमएफ हुसैन के चित्रों की नीलामी करने पर विरोध प्रदर्शन की धमकी दी है।
क्रिस्टी को भेजे पत्र में इंडियन-अमेरिकन इंटेलेक्चुअल फोरम ने कहा है कि हिंदू देवी देवताओं की अपमानजनक तस्वीर बनाने को लेकर हुसैन को भारत में खासी बदनामी का सामना करना पड़ा है। संगठन हुसैन के खिलाफ मुहिम में हिंदू जनजागृति समिति का साथ दे रहा है।
मंच के अध्यक्ष नारायण कटारिया की ओर से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि यह बेहद अफसोस और दु:ख की बात है कि क्रिस्टी आर्ट गैलरी 20 मार्च को उनकी तस्वीरों की नीलामी कर रहा है।
संगठन की ओर से पत्र को कल जारी किया गया। पत्र में नीलामी को रोकने की अपील की गई है और ऐसा नहीं करने पर विरोध प्रदर्शन की धमकी दी गई है।
|