रूसी प्रशासन ने दो मार्च को राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन तथा उनके उत्तराधिकारी मेदवेदेव पर हमले की साजिश को विफल कर दिया। उसी दिन राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव हुए थे।
रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने पुतिन तथा देश के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मेदवेदेव पर 'रेड स्क्वेयर' पर हमले की साजिश को विफल कर दिया। स्थानीय टेबलायड 'त्वोई डेन' ने कल अपने सप्ताहांत संस्करण में इस बात का दावा किया है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि पुतिन और मेदवेदेव के सेंट बासिल स्लोप में आयोजित एक कंसर्ट में अपने प्रशंसकों का धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए आने से कुछ ही घंटे पूर्व सुरक्षा दस्ते ने एक ताजिक नागरिक शावलाद ओस्मानोव को गिरफ्तार कर लिया। 24 वर्षीय ओस्मानोव को रेड स्क्वेयर के समीप एक किराए के अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया।
सुरक्षा दस्ते ने उसके कब्जे से विदेश निर्मित टेलीस्कोपयुक्त स्नाइपर राइफल बरामद की है। ओस्मानोव ने स्वीकार किया कि क्लाशनिकोव राइफल समेत यह राइफल उसी की है, लेकिन वह इस बात का जवाब नहीं दे सका कि उसे स्नाइपर राइफल की जरूरत क्यों थी।
ओस्मानोव की गिरफ्तारी तथा उसके कब्जे से हथियार बरामद होने की एफएसबी ने पुष्टि की है, लेकिन इस बात से इनकार किया है कि इस साजिश का संबंध रूस के शीर्ष नेतृत्व को खत्म करने से था।
इस मामले की जाँच लंबित रहने तक ओस्मानोव पर गैर कानूनी रूप से हथियार रखने का मामला चलाया गया है। त्वोई डेन टेबलायड को मीडिया के एक हलके में पीत पत्रकारिता के लिए जाना जाता है। इस पत्र ने ओस्मानोव का फोटो भी प्रकाशित किया है, जो संभवत: पुलिस द्वारा मुहैया कराया गया है।
इसमें एक चित्र भी प्रकाशित किया गया है, जिसमें दिखाया गया है कि अपने अपार्टमेंट की खिड़की से ओस्मानोव न केवल पुतिन को बल्कि मेदवेदेव को भी निशाना बना सकता था।
पिछले सप्ताह एफएसबी के निदेशक जनरल पेत्रुशेव ने खुलासा किया था कि राष्ट्रपति चुनावों में उठाए गए एहतियाती उपायों से देश को अस्थिर करने को लेकर रची गई आतंकवादी हमलों की साजिशों को विफल कर दिया गया।
राष्ट्रीय आतंकवाद विरोधी समिति को संबोधित करते हुए उन्होंने हालाँकि इस बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी थी।
|