अमेरिका के मिसीसिपी शिपयार्ड में अमानवीय स्थितियों में काम करने को विवश भारतीय श्रमिकों की तकलीफों के बारे में भारतीय दूतावास एक विस्तृत रिपोर्ट नई दिल्ली भेजेगा।
ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत और अन्य अधिकारी घटनास्थल का मुआयना करके लौट आए हैं। अब वे इस बारे में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके भेजेंगे।
ग्रीन कार्ड का लालच और मोटी तनख्वाह का सब्जबाग दिखाने वाली रोजगार कंपनी के खिलाफ सौ भारतीय श्रमिकों ने लुसियाना प्रांत के न्यू आर्लियंस शहर की अदालत में दस लाख डॉलर का हर्जाना देने का मामला दायर किया है।
उन्होंने अपनी याचिका में कहा है कि सिग्नल इंटरनेशनल कंपनी उन्हें अमेरिका में स्थायी रूप से बसाने का लालच देकर यहाँ लाई थी और उनसे अमानवीय परिस्थितियों में जबरन काम कराया गया।
अमेरिकी कांग्रेस के सांसद जॉर्ज मिलर ने पूरे प्रकरण पर चिंता जताते हुए श्रममंत्री से इस मामले की उच्च स्तरीय जाँच कराने का अनुरोध किया है।
|