पश्चिम एशिया में गाजा पट्टी के उत्तरी हिस्से में इसराइली वायुसेना के मिसाइल हमले में तीन फिलिस्तीनी उग्रवादी मारे गए।
मारे गए व्यक्तियों की शिनाख्त इस्लामिक जेहाद रॉकेट क्रू के सदस्यों के रूप में की गई है।
इसराइली सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि वायुसेना ने सशस्त्र फिलिस्तीनियों को निशाना बनाया। इससे पहले एक अन्य हवाई हमले में तीन फिलिस्तीनी उग्रवादी घायल हो गए थे।
इसराइल और इस्लामी जेहाद गुट के बीच गत गुरुवार से ही झड़पें हो रही हैं, जब जेहादी गुट ने पश्चिमी तट में इसराइली सेना के हमले में अपने चार सदस्यों के मारे जाने के बाद रॉकेट दागने पर स्वेच्छा से लगाई रोक हटा दी थी।
ताजा हिंसा की वजह से मिस्र की मध्यस्थता से हो रहे संघर्षविराम के प्रयास खतरे में पड़ गए हैं। उग्रवादी गुट हमास भी हमले जारी रखे हुए है।
|