अमेरिका में होने वाले अगले राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट की प्रमुख दावेदार हिलेरी क्लिंटन के प्रचार अभियान की वित्तीय समिति से गेराल्डीन फेरारो ने इस्तीफा दे दिया है।
हेराल्डीन ने यह कदम हिलेरी के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी बराक ओबामा के खिलाफ की गई अपनी टिप्पणी को लेकर नस्ली विवाद पैदा होने के बाद उठाया।
प्रचार अभियान सूत्रों ने इस बात की पुष्टि की कि हेराल्डीन ने कल इस्तीफा दे दिया। दो दिन पहले उन्होंने कहा था कि ओबामा इस राजनैतिक स्थिति में सिर्फ इसलिए हैं क्योंकि वह अफ्रीकी मूल के अमेरिकी नागरिक हैं।
हेराल्डीन ने कैलिफोर्निया के एक अखबार को दिए गए साक्षात्कार में कहा अगर ओबामा श्वेत नागरिक होते तो वह इस स्थिति में नहीं होते। उन्होंने कहा और अगर वह किसी भी वर्ण की महिला होते तो इस स्थिति में नहीं होते। वह जो कुछ भी हैं, उसको लेकर काफी खुशकिस्मत हैं और यह देश उस सिद्धांत में फँस गया है। हेराल्डीन ने बाद में टेलीविजन साक्षात्कारों में अपने बयान का बचाव किया।
|