एक गलत दावे के कारण यहाँ की एक निगरानी एजेंसी विज्ञापन मानक प्राधिकरण (एएसए) ने एक भारतीय रेस्तरां की आलोचना की है। रेस्तरां ने एक विज्ञापन में दावा किया था कि उसने वित्तमंत्री के 11 डाउनिंग स्ट्रीट स्थित आवास पर भोजन उपलब्ध कराया था।
हेर्टफोर्डशायर के बुशी में एक रेस्तरां के मालिक शरीफ चौधरी ने स्थानीय अखबार वैटफोर्ड आब्सर्वरु के एक विज्ञापन में कहा था कि वे 27 साल से यहां एक भारतीय रेस्तरां इंडिया गार्डन चला रहे हैं और उन्होंने 11 डाउनिंग स्ट्रीट पर आयोजित एक समारोह में भोजन की व्यवस्था की थी।
इस विज्ञापन को के. चौधरी ने चुनौती दी है जो 2005 तक इस रेस्तरां को चला रहे थे। एक शिकायत में उन्होंने कहा कि 27 साल से रेस्तरां चलाने का दावा गलत है। इसके अलावा उन्होंने एएसए से शिकायत कर भोजन की व्यवस्था करने के दावे को भी चुनौती दी।
के. चौधरी के मुताबिक वे 1993 में एक समारोह में 11 डाउनिंग स्ट्रीट में शामिल हुए थे और वे चैरिटी कार्यों से जुड़े होने के कारण यहाँ गए थे न कि रेस्तरां के मालिक के रूप में। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय वे अनेक रेस्तरां चला रहे थे और खुद के खाने के लिये सामान ले गए थे।
|