इसराइल के विदेशमंत्री तजिपी लिवनी ने ईरान को उसके परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए बाध्य करने के लिए उस पर आर्थिक प्रतिबंध के साथ ही दबाव और बढ़ाने का आग्रह किया है।
सुश्री लिवनी ने इस सप्ताह वॉशिंगटन की यात्रा से लौटने के बाद मेसाचुसेट्स में कल कहा कि यदि हमें भविष्य की मुश्किलों से बचना है तो हमें ईरानी नेतृत्व पर और दबाव बढ़ाने होंगे, ताकि वह अपने देश के परमाणु कार्यक्रम को आगे नहीं बढ़ाए।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इसका पता लगा लिया है कि ईरान के ऊर्जा क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाकर ही उसे उसके खतरनाक इरादों से रोका जा सकता है। ईरान पर दबाव बनाने के कई और साधन हैं, लेकिन समय हमारे हाथ से निकलता जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने अपना परमाणु कार्यक्रम बंद करने से इनकार करने वाले ईरान पर पिछले सप्ताह और प्रतिबंध लगा दिए। उल्लेखनीय है कि अमेरिका सहित पश्चिमी देश ईरान पर ऐसा परमाणु कार्यक्रम चलाने का आरोप लगाते हैं जिससे वह परमाणु हथियार बना सकता है। हालाँकि ईरान का कहना है कि उसका यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम का उद्देश्य शांतिपूर्ण है।
|