दुनिया में सबसे लंबी आयु की समझी जाने वाली महिला वारवरा सेमेनिकोवा का रूस में 117 वर्ष की आयु में निधन हो गया है।
सेमेनिकोवा ने पश्चिमोत्तर याकूतिया में रविवार को अंतिम सांस ली। दैनिक मस्कोवस्की कोम्सोलेत्स के अनुसार उनका जन्म मई 1890 में हुआ था और इस साल वह अगर जीवित रहतीं तो अपना 118वाँ जन्मदिन मनातीं। 1 अगस्त 2007 से ही सेमेनिकोवा को दुनिया की सबसे लंबी आयु की महिला माना जाता रहा है। हालाँकि इसकी पुष्टि गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से नहीं हो सकी है।
वह भोजन में उबला हुआ माँस, चाय, मक्खन, ब्रेड और जैम लेती थीं और अब तक उनकी यादाश्त सही सलामत थी। हालाँकि अब उनकी देखने और सुनने की शक्ति जाती रही थी। उनके परिवार में दस से ज्यादा नाती, पोते और पड़पोते हैं।
|