अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के बाद अब यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी ने भी रविवार को एक बड़े अंतरिक्ष यान 'एटीवी' का सफल प्रक्षेपण कर नया इतिहास रच दिया।
इस अंतरिक्ष यान को फ्रेंच गुयाना से एरियन पाँच रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में भेजा गया है। यह अंतरिक्ष यान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के वैज्ञानिक पिछले 11 साल से इस अंतरिक्ष यान के निर्माण में जुटे हुए थे।
एटीवी अंतरिक्ष में जाने वाला स्वचलित यान है और बिना मानवीय मदद से तीन अप्रैल को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ जाएगा। यह यान करीब एक दशक तक अंतरिक्ष यान के साथ जुड़ा रहेगा। करीब 20 टन के भारी वजन वाले इस यान को एरियन-5 रॉकेट से भेजा गया है।
अभी तक एरियन 5 रॉकेट से दस टन के उपग्रहों को ही भेजा जाता रहा है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी का यह यान नासा के अटलांटा, एंडेवर और कोलंबिया की तरह ही अंतरिक्ष में काम करेगा।
|