इस सप्ताह अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र (आईएसएस) जाने वाले अंतरिक्ष यात्री कक्षा में दो बाँहों वाला विशालकाय रोबोट लगाने का काम करेंगे।
सात अंतरिक्ष यात्री मंगलवार तड़के एंडेवर यान में सवार होकर अपने मिशन के लिए रवाना होंगे। डेक्सटर नाम का रोबोट फ्रैंकेस्टीन की तरह ही अपने परिवहन आधार से उठेगा। इस रोबोट को स्थापित करना एंडेवर यान से जाने वाले सातों अंतरिक्ष यात्रियों के मुख्य कामों में शुमार है।
ये अंतरिक्ष यात्री जापान की किबो अंतरिक्ष स्टेशन प्रयोगशाला का पहला भाग भी साथ ले जाएँगे। सोलह दिन का यह मिशन नासा की अब तक की सबसे लंबी यात्रा के रूप में सामने आएगा जिसमें अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में पाँच बार चहलकदमी करनी होगी। जिस रोबोट को कक्षा में लगाया जाएगा उसे कनाडा की अंतरिक्ष एजेंसी ने तैयार किया है। इसकी ऊँचाई 12 फुट तथा बाँहों की लंबाई 11 फुट है। कंधों का आकार लगभग आठ फुट चौड़ा है।
|