बगदाद में दो आत्मघाती हमलों में 54 व्यक्तियों के मारे जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को उत्तरी इराक में एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को एक पुलिस थाने के समीप उड़ा लिया जिससे चार पुलिसकर्मी मारे गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मोसुल के समीप रास-अल जधा में अल वघास पुलिस थाने के पास आज स्थानीय समय के अनुसार प्रात: सात बजे एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ा लिया।
हमले में चार पुलिसकर्मी मारे गए और 15 पुलिसकर्मियों सहित 17 व्यक्ति घायल हो गए। मोसुल जनरल हास्पिटल के एक डॉक्टर गनीम अहमद ने बताया हमले में मारे गए चार पुलिसकर्मियों के शव यहाँ लाए गए हैं।
एक अन्य डॉक्टर ने 15 पुलिसकर्मियों के घायल होने की पुष्टि की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस स्थान पर आत्मघाती हमलावर ने खुद को उड़ाया उस स्थान के समीप गृह मंत्रालय के एक अधिकारी तथा अन्य सरकारी अधिकारियों के मकान हैं।
अमेरिकी सेना ने मोसुल को अलकायदा का गढ़ बताया है। उसका कहना है कि इराकी बलों के साथ मिलकर उसने देश में अलकायदा के नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया जिसके बाद उग्रवादी संगठन ने मोसुल पर अपना ध्यान केंद्रित किया है।
प्रधानमंत्री नूरी अल मलिकी ने 25 जनवरी को कहा था कि मोसुल में अलकायदा के खिलाफ निर्णायक युद्ध छेड़ा जाएगा। व्यापारियों ने बताया कि मोसुल निवासी युद्ध की आशंका के चलते आवश्यक वस्तुओं का संग्रह कर रहे हैं।
|