चीन ने इस साल अपने रक्षा बजट में फिर से भारी बढ़ोतरी करते हुए ताइवान को चेतावनी दी कि वह देश का बँटवारा बरदाश्त नहीं करेगा।
चीनी संसद के प्रवक्ता जियांग एंझु ने मंगलवार को कहा कि सेना के बजट में इस साल 17.6 प्रतिशत की बढोतरी करते हुए 58.76 बिलियन डालर खर्च किए जाने का प्रावधान किया गया है। पिछले वर्ष 17.8 फीसदी की बढोतरी की गई थी, जो एक दशक में सबसे अधिक है।
उन्होंने कहा कि इस धनराशि का उपयोग कर्मचारियों की वेतन वृद्धि और अधिकारियों के बेहतर प्रशिक्षण के साथ सैन्य उपकरणों को उन्नत करने के लिए किया जाएगा। हालाँकि अंतरराष्ट्रीय जानकारों का अनुमान है कि चीन अपनी रक्षा पर बजट में अनुमानित राशि से तीन गुना अधिक खर्च करता है।
सेना के पूर्व अधिकारी जियांग ने कहा कि अन्य देशों की अर्थव्यवस्था के मुकाबले चीन अपनी रक्षा पर कम खर्च करता है। चीन की सीमित सेना सिर्फ आजादी की रक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के लिए ही है। हम किसी देश को धमकी नहीं देते।
उन्होंने कहा कि बजट में बढोतरी जरूरी थी और आत्मरक्षा के लिहाज से लड़ाकू विमानों और नए पोत मिसाइलों के जरिये सेना को अत्याधुनिक बनाया जाएगा।
|