पाकिस्तान के नौसैनिक प्रशिक्षण कॉलेज परिसर में मंगलवार को एक के बाद एक चार बम धमाकों में छह लोग मारे गए और कई अन्य घायल हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि लगभग एक साथ हुए पहले दो विस्फोटों के बाद नेवल वार कॉलेज से धुआँ उठता दिखाई दिया। इसके पाँच मिनट बाद दो और विस्फोट हुए।
विस्फोट की वजह तत्काल मालूम नहीं हो सकी, लेकिन सैन्य संस्थाएँ और सैनिक जब-तब स्थानीय इस्लामी उग्रवादी आत्मघाती हमलों का निशाना बनते रहे हैं।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में पिछले चार दिनों में चार आत्मघाती हमलों में एक सौ से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई। इनमें एक हमला जनजाति परिषद बैठक में और दूसरा एक मृत पुलिस अधिकारी के अंतिम संस्कार के समय हुआ।
नौसैनिक कॉलेज परिसर में धमाकों में छह व्यक्तियों के मरने की खबर टेलीविजन चैनलों ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से दी।
|