विवादित यूरेनियम संवर्धन कार्यक्रम के चलते संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने ईरान पर लगे मौजूदा प्रतिबंधों को और कड़ा करने के साथ ही कुछ नए प्रतिबंध लगा दिए हैं, लेकिन ईरान ने इन प्रतिबंधों को खारिज कर दिया है।
सुरक्षा परिषद में ईरान मसले पर 15 सदस्यों में से 14 ने ईरान पर प्रतिबंध लगाए जाने की पुष्टि की। केवल इंडोनेशिया ही एकमात्र ऐसा देश था, जिसने तटस्थ रहकर मतदान में हिस्सा नहीं लिया। ईरान के मसले पर ऐसा पहली बार हुआ है जब उसके विवादित परमाणु कार्यक्रम की वजह से सैन्य और असैन्य परमाणु कार्यक्रम में इस्तेमाल होने वाले सामान के व्यापार पर प्रतिबंध लगाया गया है।
प्रतिबंध के तहत अब ईरान से आने जाने वाले जहाजों और विमानों पर लदी प्रतिबंधात्मक सामग्रियों की जाँच-पड़ताल की जा सकेगी।
|