पाकिस्तान में संभावित गठबंधन सरकार के नेतृत्व को संभालने को तैयार पीपीपी अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की घोषणा इस गुरुवार को कर सकती है। इस बीच पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने इस पद के लिए अपनी अपनी दावेदारी पेश की है।
पीपीपी और पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पीएमएलएन द्वारा करीब दो हफ्ते पूर्व सरकार बनाने के लिए हाथ मिलाने की घोषणा के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार अभी सिर्फ अंतरिम होगा। यह उम्मीदवार तब तक होगा जब तक कि पार्टी के सह-अध्यक्ष जब तक उपचुनाव लड़कर इस पद के लिए योग्यता हासिल नहीं कर लेते। जरदारी ने अपनी पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों की छह मार्च को यहाँ अपने निवास पर बैठक बुलाई है। इस बैठक में केंद्रीय कार्यकारी समिति पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम पर मोहर लगा सकती है।
गौरतलब है कि जरदारी अभी तक अपनी पार्टी के उम्मीदवार नाम के बारे में बिलकुल मौन रहे हैं। उन्होंने सिर्फ इतना कहा है कि इस पद के कई दावेदार हैं।
एक सप्ताह पहले तक पीपीपी उपाध्यक्ष मखदूम अमीन फहीम इस पद के लिए पहली पसंद थे, लेकिन अब वरिष्ठ पार्टी नेता शाह महमूद कुरैशी यूसुफ रजा गिलानी और चौधरी अहमद मुख्तार भी इस दौड़ में शामिल हैं।
|