ओहियो और टैक्सास में महत्वपूर्ण चुनौती की ओर बढ़ रहे अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की हिलेरी क्लिंटन पर 'व्हाइट हाउस की दौड़' से हटने के लिए दबाव और बढ़ गया।
ओबामा समर्थक और डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रभावशाली व्यक्तियों ने कहा है कि पार्टी की भलाई के लिए मंगलवार को होने वाले प्राथमिक मुकाबले के बाद क्लिंटन को अपने विकल्प पर विचार करना चाहिए। ओबामा समर्थकों ने अपनी बात के समर्थन में कहा कि विरोधी रिपब्लिकन पार्टी के सदस्य जनसमर्थन जुटाने के मामले में रिपब्लिकन उम्मीदवार जॉन मैक्केन के पीछे एकजुट हैं।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को टैक्सास और ओहियो के चुनाव परिणाम तय कर देंगे कि 'व्हाइट हाउस की दौड़' में हिलेरी क्लिंटन रहेंगी या फिर बराक ओबामा।
ओहियो शहर के वेस्टरविले में रविवार को एक रैली को संबोधित करते हुए क्लिंटन ने कहा था कि यह युद्ध का समय है। कुछ लोगों के लिए यह चुनाव भाषण देने तक सीमित है जबकि मेरे मामले में ऐसा नहीं है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता न्यू मेक्सिको के गवर्नर बिल रिचर्डसन दोनों में से किसी भी उम्मीदवार का समर्थन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर इन दो अच्छे सीनेटरों के बीच बेकार की लड़ाई लंबे से समय चल रही है। (भाषा)
|