हाथ से आईपाड का इस्तेमाल बीते जमाने की बात हो जाएगी क्योंकि जल्द ही आपका आईपाड पलक झपकते ही आपका हुक्म मानने लगेगा।
यहाँ के एक अनुसंधानकर्ता ने दावा किया है कि उसने एक ऐसी प्रणाली विकसित की है जिससे लोग जल्द ही अपनी आंख के पलक से अपना आईपाड चला सकेंगे। इस प्रणाली में एक सिंगल चिप कंप्यूटर और कुछ इंफ्रारेड सेंसर का इस्तेमाल किया गया है।
इस प्रणाली को विकसित करने वाले काजूहीरो तानीगूची का कहना है कि दोनों आँखें एक सेकेंड तक बंद करने पर आईपॉड काम करना शुरू कर देगा जबकि पलक झपकाने पर यह बंद हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि दाईं आँख की पलक झपकाते ही आईपॉड अगले ट्यून पर चला जाएगा जबकि बाईं पलक झपकाने पर मशीन यह पिछले ट्यून पर वापस चली जाएगी। इस तरह से व्यक्ति को आईपाड को चलाने के लिए अपने हाथ का इस्तेमाल नहीं करना पड़ेगा और पलक उसका तीसरा हाथ बन जाएगी।
तानीगूची ने कहा कि आपको प्रणाली के गड़बड़ होने की चिंता करने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह तभी संकेत प्राप्त करेगी जब आप अपनी आखें पूरी तरह से बंद करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रणाली के जरिए आप खाना खाते या किसी से बातचीत करते समय आईपाड चला सकेंगे।
|