उत्तर कोरिया ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया की हाल में शुरू हुई युद्ध संबंधी गतिविधियों से अंतरराष्ट्रीय निशस्त्रीकरण समझौते पर बुरा असर पड़ेगा जिसके तहत परमाणु हथियार कार्यक्रम को समाप्त किया जाना है।
केसीएनए न्यूज एजेंसी ने उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के हवाले से कहा कि इन गतिविधियों से साफ है कि बंधक बनाने की अपनी नीति पर चलते हुए अमरीका हमारे गणतंत्र को समाप्त कर देना चाहता है।
प्रवक्ता के मुताबिक परमाणु बम की धमकी से हमें कुछ नहीं होगा बल्कि कोरियाई प्रायद्वीप को परमाणु रहित करने की प्रक्रिया में रुकावट पैदा होगी। गौरतलब है कि उत्तर कोरिया क्षेत्रीय शक्तियों के साथ हुए समझौते के तहत परमाणु हथियार कार्यक्रमों की सूची देने संबंधी वर्ष 2007 के अंत में पूरी हो रही समय सीमा चूक गया है।
|