वेनेजुएला के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज ने रविवार को पड़ोसी देश कोलंबिया से लगी सीमा पर सेना के टैंकों को रवाना और जेट हवाई जहाजों को तैयार रहने का आदेश देते हुए कोलंबिया को आगाह किया है कि अगर उसने इक्वाडोर पर हमला किया तो युद्व शुरू हो सकता है।
शावेज ने बोगोटा स्थित अपने दूतावास को भी बंद करने के निर्देश दिए हैं। वामपंथी नेता ने चेतावनी दी कि कोलंबिया में विद्रोही नेता राउल रेयेस के मारे जाने से दक्षिण अमेरिका में युद्ध छिड़ सकता है।
शावेज ने अपने साप्ताहिक टीवी कार्यक्रम में रक्षा मंत्री से सीमा पर टैंक भेजने का आग्रह करते हुए कहा कि हवाई सेना को तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि उनका देश युद्व नहीं चाहता मगर वह उन्हें यूँ ही नहीं जाने देंगे।
गत शनिवार को कोलंबिया की सेना ने दावा किया था कि उसने इक्वाडोर के जंगलों में बने शिविरों में छिपे मार्क्सवादी विद्रोही राउल रेयस को एक हमले में मार दिया है। इस अभियान में हवाई हमलों की भी मदद ली गई। उल्लेखनीय है कि कोलंबिया अमेरिका का सहयोगी राष्ट्र है।
शावेज ने आरोप लगाया कि राउल रेयेस और 16 अन्य छापामारों को कायराना तरीके से उस समय मारा गया जब वे इक्वाडोर क्षेत्र में सीमा पार शिविर में सोए हुए थे।
कोलंबिया ने इससे इंकार किया कि उसने इक्वोडोर की संप्रभुता का सम्मान नहीं किया है। कोलंबिया सरकार के मुताबिक उसने केवल आत्मरक्षा के लिए ऐसा कदम उठाया।
|