भारत के इस्पात शहंशाह लक्ष्मी एन. मित्तल ने लंदन स्थित 4 करोड़ पौंड के अपने घर बिशप एवेन्यू को बेचने का फैसला किया है।
गौरतलब है मित्तल के निवास के सामने उनके एक पड़ोसी को फ्लैट बनाने की मंजूरी मिलने के कारण यह फैसला किया गया है।
लंदन में मित्तल का घर 'बिशप एवेन्यू' ब्रिटेन के सबसे खर्चीले घरों में से एक है। उनके पड़ोसियों में ब्रूनेई के सुल्तान और सऊदी अरब के राज परिवार के सदस्य शामिल हैं।
ब्रिटेन की मीडिया की रपट के अनुसार विश्व के सबसे बड़े इस्पात निर्माता ने अपनी इस सम्पत्ति की कीमत 4 करोड़ पौंड लगाई है।
उल्लेखनीय है कि प्रशासन ने उनके पड़ोसी बराट परिवार को मित्तल के घर के सामने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस एक घर बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। मित्तल ने इससे पहले भवन निर्माता को यहाँ घर बनाने के लिए स्थानीय शहरी परिषद की मंजूरी प्राप्त करने से रोकने का असफल प्रयास किया था।
हालाँकि मीडिया रिपोर्ट के अनुसार मित्तल की ओर से अभी तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की गई है लेकिन इस बिक्री प्रक्रिया के दो एजेंटों में से एक ग्लेन्ट्री इस्टेट के ट्रिवर अब्राहमसन ने इस बिक्री का स्वागत किया है। उनका कहना है कि चूँकि खरीदार स्थानीय लोग होंगे, इसलिए सामुदायिक भावना अहम होगी।
|