पाकिस्तान में नई सरकार का गठन मार्च के मध्य तक पूरा हो जाएगा जबकि संसद की पहली बैठक पांच मार्च को बुलाई जा सकती है।
पाकिस्तान के विधि मामलों के मंत्री अफजल हैदर ने बताया कि चुनाव आयोग की अधिसूचना का इंतजार किया जा रहा है। जैसे ही चुनाव आयोग संसद के नए सदस्यों के निर्वाचन की घोषणा करेगा वैसे ही संसद की बैठक की तारीख तय कर दी जाएगी, लेकिन उम्मीद है कि पाँच मार्च को नई संसद की पहली बैठक हो सकती है।
मार्च के मध्य तक ही चार अन्य प्रांतीय असेंबलियों में भी सरकार का गठन हो सकता है। उन्होंने बताया कि संसद के नए सदस्यों को मौजूदा संसद के अध्यक्ष चौधरी आमिर हुसैन शपथ ग्रहण कराएँगे। हैदर ने साफ किया कि नए सदस्य 1973 के संविधान के आधार पर शपथ ग्रहण करेंगे।
उन्होंने बताया कि संसद का पहला सत्र मात्र दो दिन का होगा। पहले दिन नये सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी जबकि दूसरे दिन स्पीकर एवं डिप्टी स्पीकर का चुनाव होगा। संसद का अगला सत्र मार्च के दूसरे सप्ताह में हो सकता है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ देश के नए प्रधानमंत्री को शपथ दिलाएँगे और शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति निवास पर होगा।
|