वैसे तो ब्रिटनी स्पीयर्स और पेरिस हिल्टन के आलोचकों की कोई कमी नहीं है, पर हाल ही में इनकी आलोचकों में अमेरिकी राष्ट्रपति पद के प्रमुख दावेदार बराक ओबामा की बेटियों साशा और मालिया के भी नाम जुड़ गए हैं।
हाल ही में एक साक्षात्कार के दौरान ओबामा ने बताया कि भले ही उनकी दोनों बेटियाँ पॉप संस्कृति में पली-बढ़ी हैं, मगर कभी भी उन्हें ब्रिटनी व पेरिस जैसी सैलिब्रिटीज के प्रति कोई आकर्षण नहीं रहा।
ओबामा ने बताया कि साशा और मालिया ब्रिटनी और पेरिस जैसा बनने के बजया हन्नाह मोंटाना और बेयोंस नोल्व्स जैसे कलाकारों को अपना आदर्श मानती हैं। बेयोंस की तो वे बहुत बड़ी प्रशंसक हैं और स्टेज के पूछे उनसे मुलाकात भी कर चुकी हैं।
उन्होंने यह भी माना कि भले ही उनके प्रचार के लिए कितने ही सितारे मैदान में क्यों न उतरे हों, मगर उन्हें सितारों की चमक-दमक बेहद सामान्य लगी। उन्होंने कहा कि मैं और जॉर्ज क्लूने दारफुर मुद्दे पर एक साथ काम कर चुके हैं और उनकी काम के प्रति ईमानदारी से मैं बेहद प्रभावित हूँ। पर इसमें कहीं भी उनका स्टारडम बीच में नहीं आता है।
यह पूछने पर कि हॉलीवुड में उनका किरदार कौन-सा अभिनेता बखूबी निभा सकता है, उन्होंने मजाक के लहजे में बताया कि उनके किरदार को निभाने के लिए अभिनेता विल स्मिथ बेहद सटीक होंगे क्योंकि उन दोनों के कान बड़े हैं।
|