अमेरिकी सरकार पाकिस्तान में चुनाव में विपक्षी पार्टियों को मिली जीत के बावजूद राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के साथ आगे भी काम करने के मूड में नजर आ रही है।
अमेरिका के विदेश विभाग सहायक मंत्री जॉन नेग्रोपोन्टे ने सीनेट की विदेश मामलों की समिति को गुरुवार को बताया कि पाकिस्तान के आम चुनाव में इस्लामी पार्टियों को कड़ी हार का सामना करना पड़ा है। इससे अमेरिका सरकार पाकिस्तान में उदारवादी और लोकतांत्रिक शक्तियों के साथ काम कर सकती है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में एक उदारवादी सरकार बनने की संभावना है और इसमें हमें कोई एतराज नहीं है। मुशर्रफ अभी भी पाकिस्तान के राष्ट्रपति है और अमेरिका को इस पर कोई एतराज नहीं है। अमेरिकी सरकार भविष्य में भी मुशर्रफ के साथ काम करती रहेगी।
नेग्रोपोन्टे ने एक बार फिर कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पाकिस्तान अमेरिका का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है और दोनों देश अल कायदा और तालिबान के खिलाफ आगे भी लड़ाई लड़ते रहेंगे।
|